शनिवार, 29 नवंबर 2008

बहुत दिनों से --------------------










बहुत दिनों से सोच रहा था तेरे बारे में

बैठकर एक बेजान वृक्ष के सहारे में,

भावनाएँ उमड़ रही थी कुछ इस कदर

जैसे सूखे हुए मंजधारे में,

अचल बैठा हुआ, सोचता रहा कुछ दिनों तक

सूखा पत्थर जैसे किनारे में,
मैं दोहराना चाहता था उन बीते पलों को

जो बीते थे तेरे प्यार के सहारे में,

सोचते-सोचते ढह गया वह वृक्ष

पर मुझे कुछ कह गया इसारे में,

कि सच नहीं कुछ भी आखों देखा

इस स्वार्थी जग के नजारे में।।

शुक्रवार, 21 नवंबर 2008

एक सच्ची कहानी

मेरे एक सौ सत्तर रूपये

( देवेन्द्र कैरवॉन)

बात बहुत पहले की नहीं है और ना ही ऐ एक मनघड़ंत कहानी है। बात है सिर्फ एक सौ सत्तर रूपये की मैं एक दिन एक परिचित से मिलने उनके घर गया, इस मिलन कार्यक्रम में मेरे पूरे छह घण्टे लग गये थे पर मुझे इन छह घण्टों ने यह लिखने के लिए बेबस कर दिया है।

आइए, अब आपको कहानी कुछ विस्तार से सुनाता हूँ। दोपहर के ढाई बज रहे थे मैंने अपने मित्र के साथ अपने परिचित के दरवाजे की घंटी बजाई। बार-बार जब घंटी बजाने पर भी कोई बाहर नहीं आया तो मैंने आवाज लगाई, “कोई है अंदर” मेरी आवाज के बदले मैं भी अंदर से आवाज आई, “अंदर आओ” । मैंने मित्र के साथ दरवाजे के अंदर प्रवेश किया। मेरे परिचित व्यक्ति टेलीविजन के सामने बैठकर आशाराम बापू की आरती का आनन्द ले रहे थे। उन्होने हमें बैठने का इशारा किया और वे फिर से अपनी आरती में व्यस्त हो गये। यह देखकर मेरा मित्र बड़ा ही आकर्षित हुआ और उनके तारीफों के पुल बाँधने लगा। थोड़ी देर बाद आरती समाप्त हो गयी मैंने उनसे अपने मित्र का परिचय कराया। मित्र उनके दर्शन पाकर अपने आपको धन्य समझने लगा । थोड़ी देर बाद उनकी पत्नि भी आ गई, मैंने मित्र को उनसे भी परिचित कराया। कुछ देर तक यहाँ वहाँ की बातें हुई लेकिन मुख्य बात का समय तो अब हो रहा था।

आप सोच रहे होंगे की एक सौ सत्तर रूपये का जिक्र तो हुआ ही नहीं, सही सोचा आपने क्योंकि उसके जिक्र का समय तो अब हो रहा था। परिचित ने मुझसे बड़े ही विनम्रभाव से पूछा, क्या आप बीयर पीऐंगे? बीयर का नाम सुनकर ही मेरे मुँह में पानी आ गया। लेकिन परिचित की पत्नि की आखों में रोस देखकर मैं समझ नहीं पाया की माँजरा क्या है? उनकी पत्नि ने थोड़ी देर उनकी ओर देखा और उनसे प्रश्न किया, क्या आपने पाँच सौ रूपये चुराए हैं? यह सुनकर मैं मित्र को और मित्र मुझे देखने लगा और दोनों के चेहरे का भाव उड़ गया । परिचित की पत्नि ने परिचित की जेबें टटोलनी शुरू कर दी, और उन्हें बार-बार एक ही धमकी देने लगी कि “जब आपका बेटा आयेगा, तब वो ही आपसे हिसाब करेगा” यह वाक्य सुनकर मैं इतना तो समझ गया कि परिचित शायद अपने बेटे से डरता है। पर फिर भी मेरे मन में चोरी वाली बात को लेकर असमंजस ही रहा और मैं इसे जानने के लिए प्रयत्न करने लगा। धीरे-धीरे गाली-गलोंचों के बीच शाम होने लगी, मेरे मित्र ने मुझसे चलने का आग्रह किया पर मैं अपने मित्र को पूरी कहानी दिखाने के मूड में था। मैंने परिचित से कहा कि, यह पाँच सौ रूपये चुराने वाली बात मैं नहीं समझ पाया तो परिचित ने मुझे यह बात समझानी शुरू कर दी।

परिचित का कहना था कि कल रात जब मैं शराब पीकर घर आया तो मेरी पत्नि ने मेरे जेब से “मेरे एक सौ सत्तर रूपये” निकाल दिये। जब सुबह मैंने फिर शराब पीनी चाही तो मेरे जेब में रूपये नहीं थे मैं तुरंत ही समझ गया कि पैसे पत्नि ने निकाल दिये हैं। कहानी सुनकर जैसे-जैसे शाम ढल रही थी मेरे मित्र का चेहरा भी मुरझा रहा था पर मुझे कहानी में और अधिक आनन्द आने लगा था क्योंकि अब परिचित का बेटा घर आ चुका था। दोनों ने मिलकर परिचित से प्रश्न पूछने शुरू कर दिये, पहले तो वह यहाँ-वहाँ करने लगे, पर बेटे की आँखों का क्रोध देखकर उन्होंने एक शर्त पर रूपये वापस देने का निश्चय कर दिया । शर्त यह थी कि पहले मैं “एक पवा शराब” पीऊँगा, फिर पैसे वापस करूँगा। उन दोनों को भी शर्त मंजूर हो गई, और परिचित अपने लिए शराब लेने चले गये। इस बीच मित्र ने अपनी आँखों से उस व्यक्ति के प्रति अपनी भावनाएँ प्रदर्शित कर दी, मैं समझ गया कि मित्र अब ऊब चुके हैं फिर भी मैंने उनसे कुछ और देर रूकने का आग्रह किया और वे मान भी गये। इतनी ही देर में परिचित हाथ में शराब का पवा और एक कोल ड्रिंग्स की बोतल लेकर आ पहुँचे, गिलास निकाल कर उन्होंने उन दोनों को उस गिलास में डाल दिया और पहले ही धूँट का आनन्द लिया था कि पत्नि और बेटे ने उनका गिलास छीन कर, फिर से पाँच सौ रूपये वापस देने को कहा, मैंने जब बेटे से कहा कि पीने के बाद दे देंगे तो बेटे ने मुझे संतोषजनक जबाब दिया।

बेटे का जबाब था कि पीने के बाद तो पैसे नहीं मिलेंगे। मैंने कहा तो फिर कैसे, उसने कहा आप बस देखते जाइए, परिचित के तीन-चार बार गिलास माँगने पर भी जब उन्होंने गिलास नहीं दिया तो परिचित पैसे वापस देने के लिए तैयार हो गया। इस तैयारी मैं भी उनकी एक शर्त थी कि पहले घर के सभी सदस्य बाहर जाएँ तब मैं पैसे वापस दूँगा । जब मैंने इस बारे में पूछा कि ऐसा क्यों, सबके सामने क्यों नहीं दे सकते आप पैसे? तो उनका उत्तर हास्यस्पद था। उनका उत्तर था कि इनके सामने निकालने से ऐ मेरी छूपाने वाली जगह देख लेते हैं और बाद में मेरे पैसे वहाँ से निकालते हैं। थोड़ी देर हम बाहर खड़े रहे और परिचित ने पैसे निकालकर लौटा दिये, तब उन्हें वह शराब का गिलास मिला और वे खुशी-खुशी पीने लगे।

यह सब देखकर मैं तो गुम हो गया पर मेरे मित्र ने कहा, “ऐसा शराबी मैंने पहले कभी नहीं देखा, जो सिर्फ शराब के लिए जीता हो” और “शराब के लिए मरता हो”।

गुरुवार, 6 नवंबर 2008

पुलिया

पुलिया

बचपन से देख रहा हूँ मैं वो पुलिया

अपनों से अपनों को मिलाती वो पुलिया

कोई दूर का भी बन जाता यहाँ अपना

हर गम को सबसे बाँटती वो पुलिया

यहाँ पर सब अपने सुख-दुख हैं सुनाते

हर आदमी के दुख को मिटाती वो पुलिया

बैठी है बरसों से वह उसी जगह पर

दोस्ती का रिश्ता निभाती वो पुलिया

पर हालात हैं आज उसके बदतर

फिर भी किसी को न सुनाती वो पुलिया

निकल गयी है उसकी चमड़ी,

दिखने लग गई हैं अंदर की हड्डियाँ

फिर भी शांत सी बैठी है वो पुलिया।।

शनिवार, 25 अक्टूबर 2008

मेरी अभिलाषा

मेरी अभिलाषा

मेरी अभिलाषा है कि कविता लिख पाऊँ

तेरे और मेरे प्यार का नाम अमर कर पाऊँ,

कर दूँ उन बागों का नाम अमर

जहाँ खेलता था मैं तेरी लटों पर,

उन बागों के कर्ज को कुछ अदा कर पाऊँ

मेरी अभिलाषा है कि कविता लिख पाऊँ।

कर दूँ उन गलियों का नाम अमर

जहाँ तड़पता था मैं तेरी हटों पर,

मैं जीवन की आशा को परिपूर्ण कर पाऊँ

मेरी अभिलाषा है कि कविता लिख पाऊँ।।

कर दूँ उन नदी तटों का नाम अमर

जहाँ बैठा रहता था मैं तेरे इंतजार पर

उस स्वर्णिम समय को मैं,

जगजाहिर कर पाऊँ

मेरी अभिलाषा है कि कविता लिख पाऊँ।।।

आज न तू है न हैं ऐ सभी

फिर भी मैं जीवन को सार्थक बना पाऊँ

मेरी अभिलाषा है कि कविता कर पाऊँ ।।।।

बुधवार, 22 अक्टूबर 2008

मेरी रचना

एक कवि की छोटी आत्मकथा

एक बार मैं सैर पे निकला

देखा ऐसा अजूबा है,

एक दोस्त बगीचे में लैटा

गाता महबूबा-महबूबा है,

देखकर उसको मैं चौंक उठा

प्रश्न मेरे मन में जागा है,

शायद ऐ हारी हुई सरकार का नेता है

गाने गाकर सभा को बटोरता है,

शायद यह निकम्मा संगीत्यज्ञा है

जनता को अपना गाना सुनाता है,

पर मेरे मन में एक बार भी

यह प्रश्न नहीं जागा है कि,

यह तो मेरी तरह हारा एक कवि है

जिसने कि, की तो बहुत रचना है

पर छपने में अभागा है।।

देवेन्द्र कैरवॉन

(शोध सहायक)

सोमवार, 20 अक्टूबर 2008

आओ सीखें

गढ़वाली भाषा में कुछ संबंधित शब्द और उनका हिन्दी में अनुवाद

जनानी—औरत

मनस्यारू—मर्द

न्वोंनी—लड़की

नून्याल—लड़का

मालक—पति

बाबा—पिता

बै-----माता

दीदी—बड़ी बहन

भुली---छोटी बहन

नणद—ननद

जैठाणी—जैठानी

द्युर---देवर

जिठाणुँ—जेठ(पति का बड़ा भाई)

स्वोरू---ससुर

सासु—सास

भैजी—बड़ा भाई

भुल्ला--छोटा भाई

गढ़वाली भाषा में कुछ पालतू जानबरों के नाम हिन्दी अनुवाद के साथ

गौड़ू—गाय

बाकरा—बकरी

भ्येरू---भेड़

भैंसू—भैंस

बल्द—बैल

रविवार, 19 अक्टूबर 2008

एक संदेश

यह एक संदेश है गढ़वाली भाषा पर कार्य करने वालों के लिए जो विद्वान अपना समय गढ़वाली भाषा पर खर्च कर रहे हैं मैं उनसे संपर्क करना चाहता हूँ । मैं चाहता हूँ कि जिस तरह हर क्षेत्र की एक मुख्य भाषा है भले ही उस क्षेत्र में कितनी ही बोलियाँ क्यों न बोली जा रही हों । उसी तरह मैं गढ़वाली भाषा के विकास में अपना जीवन लगाना चाहता हूँ । मैं चाहता हूँ कि जो लोग भी गढ़वाली पर कार्य कर रहे हैं या करना चाहते हैं वे जरूर संपर्क करें भले वे देश के किसी भी कोने पर कार्यरत है । क्या आप नहीं चाहते कि हर क्षेत्र की तरह गढ़वाली भाषा का भी विकास हो ।आज मैं नेट पर एक गढ़वाली शब्द कोश देखा । देखकर बहुत खुशी हुई पर साथ ही साथ दुःख भी । क्योंकि मेरी १५ खोजों में से एक भी खोज का जबाब नहीं मिला । मैं उन सभी गढ़वाली विद्वानों से प्रार्थना करना चाहता हूँ कि कृपया २४ घण्टों मेंसे सिर्फ दो घण्टें भी प्रत्येक व्यक्ति यदि इस कार्य के लिए देगा तो एक दिन सफलता जरूर हाथ लगेगी । तो जो व्यक्ति भी यह संदेश पढे और गढ़वाली का कुछ ज्ञान बाँटना चाहे तो मेल करके संपर्क करें।

मेरे अपने

मेरे अपने

जब मैं सोचता हूँ मेरे अपनों के बारे में

तो उलज जाता हूँ मैं इसी प्रश्न में,

कौन हैं मेरे अपने?

जो अपना लेते हैं मुझे दुःख में भी

या जो लगे रहते हैं मुझे रौंदने में।।

प्रश्न दर प्रश्न मेरे मन में उत्पन्न होते हैं

क्या खून के रिश्ते वाले ही अपने होते हैं?

या होते हैं वे सभी अपने

जो छुपा रखते हैं मुझे हर पल अपनी पलकों में।।

क्या एक ही माता के पेट से जन्मा भाई

अपना होता है?

जो लगा रहता है मुझे हर दम कुरेदने में,

सोचता हूँ कभी

क्या वे मोहल्ले के लोग अपने नहीं हैं?

जो बिछा देते हैं खुद को मेरे रास्ते में ।।

शनिवार, 18 अक्टूबर 2008

मेरी भाषा के लिए मेरा दर्द

भारतीय संविधान के आधार पर हिन्दी भाषा को देश की कार्य भाषा के रूप में लिया जाना था पर ऐसा न हुआ, आज भी हमारे उपर अंग्रेजी भाषा का प्रभाव कायम है और दिन प्रतिदिन हम उसके गुलाम बनते जा रहे हैं मैं जब भी इस अवस्था के बारे में सोचता हूँ तो मेरे मन में एक ही सवाल जागृत होता है कि किस तरह इस भाषा को उस स्थान पर पहुँचा जा सके जहाँ इसकी वास्तविक जगह है पर जब मैं इस भाषा का चलन और प्रभाव देखता हूँ तो सोचता हूँ कि हमारे लोगों ने आज हमें कितने गहरे गड्डे में डाल दिया है जहाँ से निकलना हमारे लिए किसी युद्ध से कम नहीं है । हमारी सारी युवा पीढ़ी इस भाषा की गुलाम हो गयी। सबके मन में एक ही सवाल है कि अंग्रेजी के बिना कोई भविष्य नहीं। पर जब मैं कल एक अंग्रेज से मिला जो कि नियमित दो घण्टे हिन्दी का अध्ययन करता है और हिन्दी के शब्दों को आसान बनाना चाहता है। तब मेरे मन मैं एक सवाल उत्पन्न हुआ कि कहीं ऐसा न हो जाय कि हिन्दी लिखने और पढ़ने के लिए हमें पहले विदेशीयों से आज्ञा लेनी पड़े। कहीं ऐसा न हो कि वह हमारी भाषा में कुछ बदलाव करके कल हमें ही वह भाषा सीखाएँ और हमें नौकरी पाने के लिए उसी हिन्दी को फिर पैसे देकर सीखना पड़े। युवा पीढ़ी का मानना है कि अंग्रेजी के बिना कोई भविष्य नहीं है, पर शायद उन्हें इस बात का ज्ञान नहीं है कि सिर्फ ५-६ प्रतिशत लोगों का ही इस भाषा पर अच्छा कब्जा है बाकी तो सब भेड़ चाल है।

हमारी युवा पीढ़ी को यह सोचना चाहिए कि अंग्रेजी भाषा में हमारे देश के कई व्यक्तियों को महारथ हासिल था और है भी, पर किसी भी अंग्रेज को हिन्दी में यह महारथ हासिल नहीं है। क्यों नहीं है ? क्योंकि हिन्दी अंग्रेजी के हिसाब से कई आगे है और वो लोग वही काम करते हैं जहाँ मेहनत कम और नाम ज्यादा हो। क्या आपने कभी यह सोचा है कि यूँ ही यदि हम अंग्रेजी के गुलाम बनते जायेंगे तो हमें एक दिन अपनी ही भाषा को सीखने के लिए फिर से उन्हीं की शरण में जाना पड़ेगा। अगर प्रत्येक व्यक्ति हिन्दी में ही अपना कार्य करे तो व्यवसाय जगत को अपने सारे काम हिन्दी में ही करने पड़ेंगे। यदि कार्यलय का मैनेजर, सुपरवाईजर, लेखाकार, या मजदूर सभी हिन्दी के अलावा किसी भी भाषा में काम करने के लिए तैयार न हों तो अद्योगपति को परिवर्तन करना ही पड़ेगा। आपने भारत की सबसे शक्तिशाली महिला का नाम तो सुना ही होगा जो कि भारतीय राजनीति पर राज कर रही है और यह राज करने के लिए उसने किस का सहारा लिया? हिन्दी का। और इसी हिन्दी ने उसे आज भारत की सबसे शक्तिशाली महिला बना दिया है। क्या आपने देखा है कि कभी कोई विदेशी भारत में आने के लिए कुर्ता पजामा पहनता है। नहीं ,पर हमारे नेता पूरे साल भारत में खादी पहनकर धुमते हैं और विदेश जाते समय कोट-टाई में उतर जाते हैं ऐसा क्यों ? यदि ऐ लोग खादी वस्त्रों में वहाँ जाएँ तो क्या वे इन्हें धक्का मार कर भगा देंगे। ऐसा नहीं है पर ऐ लोग दिखाते हैं कि हम आपके पास आ गए अब हम आपकी पसन्द का खाना खाऐंगे आपकी पसन्द के कपड़े पहनेगे और आपकी भाषा बोलेंगे। यदि कल जापान वाले यह कह दें कि भारत के किसी भी नेता की जापान यात्रा तब होगी जब वह जापानी बोलना सीखेगा तो सारे नेता जापानी सीखने लग जायेंगे। कहना का अर्थ यह है कि इन्हीं नेताओं ने शुरू से आज तक इस भाषा के विकास में रूकावट डाली है। जब कोई विदेशी भाषी व्यक्ति यहाँ आता है तो उसकी भाषा को समझाने के लिए एक अनुवादक रखा जाता है। लेकिन हमारा कोई भी नेता विदेश में जाकर हिन्दी में भाषण देने की हिम्मत नहीं कर पाता। यदि ऐ लोग इसकी शुरूआत करें तो संपूर्ण परिवर्तन अपने आप होगें।

बुधवार, 24 सितंबर 2008

कुछ और सुणा--कुछ और सुनो।

हजी भेजी कखा छन व्याली औंदा खीर खांदा आज भैंसा थक्याँ छन---अरे भाई कहाँ के हो कल आते तो खीर खाते आज हमारी भैंसे थक रखी हैं

खाण घील्डी रण छील्डी----------खाना ज्यादा खाकर भी नुक्स निकालने हैं।

मार्याँ सरपा आँखा नी घच्योर्याँ चेंदन--------------मरे हुए साँप की आँखें नहीं फोड़नी चाहिए।

भात खाँदन -----------चावल खावोगे।

ओंदी जांदी रा----------आते-जाते रहना।

या गिलास चा द्या----एक गिलास चाय दो।

तुमारू नौं क्या चः----तुम्हारा नाम क्या है।

म्यारा प्यारा भेज्यों क्वी गलती व्हली त् बुरू न मांण्या---मेरे प्यारे भाईयों कोई गलती होगी तो बुरा मत मानना।

मंगलवार, 23 सितंबर 2008

कुछ अलग -

आइए, कुछ गढ़वाली शब्दों का वर्णन करते हैं माना कि इस भाषा को अपनी लिपि का आधार नहीं मिला। फिर भी देखते हैं कुछ ऐसे शब्द जो आपके कभी भी काम आ सकते हैं।
जाणूं छ्यों ---जा रहा हूँ।
ओंणू छ्यों--आ रहा हूँ।
कनू छ्यों --कर रहा हूँ।
द्यखणू छ्यों---देख रहा हूँ।
खांणू छ्यों---खा रहा हूँ।
स्येणू छ्यों---सो रहा हूँ।
उठणू छ्यों ---उठ रहा हूँ
बैठणू छ्यों---बैठ रहा हूँ।
------------------------
कख था जायां----कहाँ जा रखे थे
जाणू थ्वो---जा रहा था।
ओंणू थ्वो--आ रहा था ।
आगे सारे उपर्युक्त वाक्यों की तरह भूतकाल वाले वाक्यों में था के स्थान पर थ्वो का प्रयोग।
जाण थ्वो--जाना था।
तेन ओंण थ्वो--उसने आना था।
मैन जाण थ्वो --मैंने जाना था।
--------------------------------------
कबरी ड्यरा आलू---कब घर आयेगा।
कबरी ड्यरा जालू--कब घर जायेगा।
--------------------------------
मैं आप लोगों से भी विनति करता हूँ कि यदि कोई गढवाली भाषा का जानकार इस ब्लोग को पढ़े तो कृपया अपने ज्ञान की थोड़ा रोशनी मुझे मेरे ई-मेल द्वारा दें। ताकि मैं अपने अधूरे ज्ञान को पूरा कर इस भाषा के लिए कुछ कर सकूँ।

सोमवार, 22 सितंबर 2008

तेरे जाने के बाद

क्या देखा, क्या नहीं देखा

इन बातों में समय बर्बाद न करो,

खूबसूरत है कौन, कौन नहीं है खूबसूरत

इसका तुम व्याख्यान न करो,

जीवन के कुछ अनमोल पल यूँ ही गुजर जायेंगे

सोचो मत, अपनाओ और इन हसीन पलों को यूँ ही बर्बाद न करो।।

तुमने सोचा होगा कि,

तेरे जाने के बाद हम जीऐंगे कैसे

पर तेरा जाना ही एक ऐसा बहाना, जीने का बन गया

जिसे लेकर दुनिया से करता हूँ मैं सवाल,

कि क्यों अपना इतना बेगाना बन गया ।

तुमने सोचा होगा कि.........

अगर होते तुम पास मेरे

तो शायद हसरतें मेरी ये न होती,

तेरे चले जाने के बाद

आशिक से मैं परवाना बन गया।

तुमने सोचा होगा कि........

तेरे जाते हुए खत ने

दे दिया मुझे फ़रमान,

मैं शहर कि गलियों में

आवारा बन गया।

तुमने सोचा होगा कि.........

सोचता हूँ कि तेरी बेवफाई न होती

तो मैं कुछ न होता,

तेरी बेवफाई से मैं

लिखवारा बन गया।

तुमने सोचा होगा कि......

गुरुवार, 11 सितंबर 2008

मेरा दर्द

सारे बदन का खून पसीने में ढ़ल गया ,
इतना हम जले कि जिस्म हमारा पिघल गया,
अच्छा हुआ जो राह में ठोकर लगी हमें ,
हम गिर पड़े तो सारा जमाना संभल गया ।



दर्दे दिल की दासताँ तुम्हें बताऊँ कैसे
अपने दिल का गम तुमसे छुपाऊँ भी कैसे,
सोचता हूँ कि बयाँ कर ही दूँ अपना दर्द
पर बयाँ करने का रास्ता अपनाओं कैसे।

शुक्रवार, 5 सितंबर 2008

मैगाधार मंदिर

आप लोगों से मेरी पहले बात हुई थी एक शक्ति के बारे में ..........
उस शक्ति का निवास स्थान है मैगाधार मंदिर ,यह मंदिर ६ गति बैसाख को होने वाले मेले के लिए प्रसिद्ध है इस मेले में उन- उन लोगों से मुलाकात होती है जिसे सालों पहले देखा हो । दूर-दूर से आने वाले बुजुर्ग हमें देखकर तुरंत गले से लगाते हैं और कहते हैं ---ऐ मैगा माद्यो त्यरा आर्शीवाद सी आज मैंन यू देखी ॥
बस उस समय मन में एक विचार उमड़ता है कि हमारे पूर्वज इस मंदिर को कितना मानते हैं और कितनी इसके प्रति निष्ठा रखते हैं।
इस मंदिर के पुजारीयों के नाम शिवानन्द और श्यालिक राम हैं। पर यह देवता जिस व्यक्ति के अंग पर आता है उसका नाम शिवदयाल है मैं आज भी वह घटना नहीं भूलता जब यही आदमी छत से गिर कर भी एक दम खड़ा उठा।जब हम इन्हें अस्पताल ले जाने लगे तो गाड़ी खराब हो गयी । इन्हें गाडी से थोड़ी दूर लाया गया तो गाड़ी एक दम ठीक हो गयी यही घटना फिर दोहराई गयी किंतु हम असफल रहे। ऐसी कई घटनाएँ है जिन्होंने मुझे इस शक्ति की ओर आकर्षित किया है।

गुरुवार, 4 सितंबर 2008

अनमोल रत्न

जीवन एक अनमोल रत्न है ऐसा लोग कहते हैं पर मैं आज तक यह नहीं समझ पाया कि जीवन किस तरह अनमोल रत्न है अनमोल शब्द का स्वयं ही अर्थ निकल जाता है कि जिसका कोई मोल न हो । पर शायद जीवन के बारे में ऐसा नहीं है क्योंकि आज के संसार में हर जीवन का मोल है। यदि मैं जीना चाहता हूँ तो किसी ने मेरे जीवन का मोल देकर मेरी मृत्यु को खरीद लिया और मेरा एक अनमोल जीवन मूल्यक हो गया। तो मैं किस तरह से अपने जीवन को अनमोल समझूँ। बात जब जीवन की आती है तो सोचता हूँ उन जीवनों के बारे में जिन्हें अभी जीवन का सही अर्थ भी पता नहीं है जैसे बाल मजदूर, बाल सेक्स वर्कर, बाल-मुजरिम आदि।

इनका कैसा जीवन है वही जीवन तो है जो हमारा है फिर अनमोलता कहाँ है उसकी महत्वपूर्णता कहाँ है।

किसी कहा था कि “नर हो न निराश करो मन को” पर शायद कहने वाले ने उस पर ध्यानपूर्वक गौर नहीं किया क्योंकि आज के समाज में निराशा के अलावा कुछ और नहीं है। वो बच्चा जो पढ़ना-लिखना चाहता है पर अगर पढ़ता है तो खायेगा क्या ये समस्या उसके सामने खड़ी हो जाती है क्या उसका जीवन अनमोल है। ऐसे कही उदाहरण जब मेरे सामने आते हैं तो मैं सोच में डूब जाता हूँ कि जीवन को अनमोल रत्न किसने कहा और क्यों कहा ………………………………….?

शुक्रवार, 22 अगस्त 2008

मैं टिहरी गढवाल के घनसाली ब्लोक के मुन्डेती गाँव में जन्मा हूँ । जहाँ एक पूरा खोला (कम्युनिटी) भगवान भोले शंकर की पूजा करता है । मैं उसी खोले में जन्मा हूँ और अपने आपको भाग्यवान समझता हूँ जो मेरा जन्म यहाँ हुआ है। हमारे पूर्वज कहते हैं कि वे लोग पीड़ियों से भगवान भोले शंकर की सेवा कर रहे हैं और इस सेवा के कारण हमें आज तक किसी भी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा । मैं भी जब उस मन्दिर के बारे में सोचता हूँ तो पूरे शरीर में एक शांत सी लहर दौड़ जाती है। बचपन से आज तक मैने सिर्फ उस सेवा के बारे में सुना था लेकिन अब जब मैं उसको ध्यान केन्द्रित करता हूँ तो अपने पूर्वजों की कही हुई बातें मेरे दिमाग में इस तरह से प्रकाशित होती हैं कि मानो मैं सिनेमा देख रहा हूँ ।
कहते हैं कि हमारे पूर्वज (देवू नाम क) ने उस शिव लिंग की स्थापना की थी। मुझे आज भी याद है कि मेरे दादा जी ९५ वर्ष की उम्र में स्वर्गवासी ह्ए थे। और रात को उन्हें देखकर नहीं लग रहा था कि वे अब हमारे बीच नहीं रहेगें ।उनकी स्वस्थता आज भी मेरे सामने उनकी मूर्ति की तरह उपस्थित होती है। उसी मूर्ति को ध्यान में रखकर मैं अपने संपूर्ण संशज को याद करता हूँ और उनकी आस्था को टटोलने की कोशिश करता हूँ ताकि मैं उस देवशक्ति को हाशिल कर उसे सभी लोगों तक पहुँचा सकों ।...............................................आगे.

मेरा संपूर्ण परिचय

गुरुवार, 21 अगस्त 2008

प्रेम एक जाल

लोग प्रेम को पूजा समझते हैं और मैं प्रेम को एक जाल समझता हूँ ।
एक ऐसा जाल जिसमें व्यक्ति उलझता ही जाता है। यदि वह उसे सुलझाने की कोशिश करता है तो वह ओर उलझता है।एक ऐसा जाल जिससे उलझने में भी व्यक्ति को आनन्द प्राप्त होता है...........

मंगलवार, 15 जुलाई 2008

सफर की शुरूआत

मनुष्य की तीन मुख्य परेशानियाँ
ः जो चाहा वह पाया नहीं,
ः जो पाया वह भाया नहीं,
ःजो भाया वह रहा नहीं।

-इन्हीं पंक्तियों से सफर की शुरूआत कर रहा हूँ।