पुलिया
बचपन से देख रहा हूँ मैं वो पुलिया
अपनों से अपनों को मिलाती वो पुलिया
कोई दूर का भी बन जाता यहाँ अपना
हर गम को सबसे बाँटती वो पुलिया
यहाँ पर सब अपने सुख-दुख हैं सुनाते
हर आदमी के दुख को मिटाती वो पुलिया
बैठी है बरसों से वह उसी जगह पर
दोस्ती का रिश्ता निभाती वो पुलिया
पर हालात हैं आज उसके बदतर
फिर भी किसी को न सुनाती वो पुलिया
निकल गयी है उसकी चमड़ी,
दिखने लग गई हैं अंदर की हड्डियाँ
फिर भी शांत सी बैठी है वो पुलिया।।

