बेटी और बहू
दो नाम, दो उच्चारण परन्तु उत्पत्ति एक ही अंश से। बेटी जिसे बड़े लाड़-प्यार से पाला जाता है, जिसके प्रति माता-पिता हमेशा चिंतित रहते हैं, और बहू जिसे हमेशा चिंता में रखते हैं। हम खुद को आज आधुनिक युग के व्यक्ति बताते हैं। हम खुद को आधुनिक युग की सोच रखने वाले बताते हैं। फिर समाज में क्यों बहुत कुछ ऐसा नजर आता है कि जिसे देखकर सोचना पड़ता है कि क्या वास्तव में हम आधुनिक हैं क्या आज हम बहू को बेटी के समान रखते हैं, क्या बहू को भी हम उसी नजर से देखते हैं जिस नजर से हम अपनी बेटी को देखते हैं। अगर नहीं तो, क्यों नहीं, क्यों हम समान अधिकार की बात करते हैं, क्यों हम आधुनिकता का ढ़िंढोरा पीट रहे हैं । आज भी समाज में वह सब व्याप्त है जिसे देखकर समान अधिकार का बिंदु कुछ दूर ही दिखाई देता है। आज भी हम लोग बेटियों और बहुओं में कुछ अंतर जरूर रखते हैं। यदि शादी के बाद साड़ी ही पहनना है तो यह नियम हम अपनी बेटी पर भी क्यों लागू नहीं करते । यदि शादी के बाद कॉलेज नहीं जाना है तो यह नियम हम अपनी बेटी पर भी क्यों लागू नहीं करते। क्यों हम लोग इस नियम को केवल बहू पर ही लागू करते हैं । मैंने देखा है कि हम लोग अपनी बहू के सूट आदि अपनी बेटियों को दे देते हैं और कहते हैं कि बहू तो अब रोज साड़ी ही पहनेगी । यदि हम लोग अपने घर में अपनी बहू को सूट में नहीं देख सकते हैं तो अपनी विवाहिता बेटी को क्यों पहनने देते हैं। यदि हम लोग अपनी बहू को कॉलेज जाने से रोकते हैं कि विवाहिता का कॉलेज जाना ठीक नहीं है , तो अपनी विवाहिता बेटी को कैसे अनुमति दे देते हैं। और जब चौराहा पर निकलते हैं तो बात करते हैं आधुनिकता की। बात करते हैं समान अधिकार की। कहाँ है वह समान अधिकार, कहाँ है वह अधुनिकता । क्या हम लोग किसी और को धोखा दे रहें हैं या अपने आप को ही। यदि हम समान अधिकार की बात करते हैं तो सब समान होना चाहिए। सारे अधिकारों में समानता होनी चाहिए। आज भी बहुएँ आत्म हत्या कर रही हैं। आज भी उन्हें दहेज के लिए जलाया जा रहा है। यदि अधिकार समान होते तो यह परिस्थिति न आती । इस तरह की घटनाएं घटित न होती। हम कब से चिल्ला रहे हैं कि दहेज प्रथा का अंत हो गया है परंतु आज भी यह दानव समाज में जीवित है। यदि हम दोनों को(बेटी और बहू) एक ही नजर से देखते तो यह दहेज रूपी दानव कब का खत्म हो चुका होता। यदि हम यह सोचते की जिस तरह से हम अपनी बहू को प्रताड़ित कर रहे हैं उसी तरह से कोई अगर हमारी बेटी को भी कर रहा होगा तो मानव मन जरूर पिघलता और हमारी आँखें दोनों को समान देख पाती। हमने बाहर से तो समानता का चोला पहन लिया है किंतु अंदर से आज भी असमानता का भेद करना बरकरार है। आज भी बहू को हम बेटी के स्वरूप में नहीं स्वीकार सके।
जिस दिन हमारे मन से यह असमानता का भेद मिट जायेगा। उस दिन कोई बहू आत्म हत्या नहीं करेगी, किसी भी बहू को जलाया या बहाया नहीं जायेगा।
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें