रविवार, 13 दिसंबर 2009
प्रेम के प्रकार
(इतनी रात को इसलिए लिख रहा हूँ कि मन रो रहा है आँखों से आँसू बह रहे हैं पर उन्हें क्या, उनके पास तो हजारों हैं)
इंसान के बीच में दो ही संबंध होते हैं। एक जिस्म का और एक आत्मा का पर शायद जिस्म का प्रेम आत्मा के प्रेम से आगे है। क्योंकि आत्मा का प्रेम जिस्म के प्रेम से ज्यादा उसी पल का प्रेम है। आत्मा तो बस एक नाम है। उसे समाज के उन लोगों के बारे में पता नहीं है जो एक पल के प्रेम में ही विश्वास रखते हैं। शायद मैं ही मूर्ख हूँ जो आत्मा के प्रेम को बड़ा मानता हूँ। पर आज मुझे ज्ञात हुआ कि आत्मा के प्रेम से ज्यादा शारीरिक प्रेम का महत्व है। और है भी सही, आखिर ये आत्मा का प्रेम है क्या ? ये तो बस नाम का है । इसके सामने शारीरिक प्रेम की क्या औकात कई ज्यादा है ।
दोस्तों आप सोच रहे होंगे की आज मुझे क्या हो गया है । पर मैं आपको बता दूँ, कि आज मुझे कुछ नहीं हुआ है । हाँ इतना जरूर है कि आज मुझे एक बात का ज्ञान जरूर हुआ है वो यह है कि आत्मा से बड़ा शरीर का प्रेम है । और वो मुझे इसलिए पता चला कि मैंने भी कभी प्रेम करने की कोशिश की पर नहीं मैं नहीं कर सका । क्योंकि मैं आत्मा के प्रेम में उलझा था और वो शरीर के प्रेम में । शायद उसे सिर्फ मेरे शरीर से प्रेम था । पर क्या करूँ, मुझे तो उससे प्रेम हो गया था। मैं उसे बेपनाह ढंग से चाहने लगा था। पर क्या करूँ आज का दिन शायद मुहब्बत के इम्तहान का दिन न था । आज मैं सुबह से ही उसके फोन का इंतजार कर रहा था । क्योंकि मुझे लगता था कि वो सारे संसार को भूल सकती है पर मुझे नहीं।
परन्तु यह मेरी भूल थी। वह तो मुझे ही भूलना चाहती थी। अरे यह क्या? मैं जिसके फोन का इंतजार कर रहा हूँ वह तो भगवान से प्रार्थना कर रही है कि मेरा फोन न आये। मैं जिसके फोन के इंतजार में बार-बार फोन देख रहा हूँ उसे तो अपने आस-पास वालों का इंतजार है। पर शायद वो सही थी और मैं गलत । क्योंकि नवीनता के प्रयोग का युग है। दोस्तों मैं मूर्ख हूँ हमेशा सच्चे प्रेम को ढूँढता हूँ । पर कभी मैं सोचता हूँ कि मैं किस युग में जी रहा हूँ । मैं क्यों आज भी यही सोचता हूँ कि आज भी वह सिर्फ मुझे चाहती है। मैं जानता हूँ कि यह मेरी नादानी है, यह मेरी बेवकूफी है। इस भीड़ में सब जवान हैं, सब मुझसे सुन्दर हैं पर मैं क्यों इतरा रहा हूँ, शायद सिर्फ उसके प्यार पर। शायद यही उसके प्यार का असर है कि आज मैं उन लोगों के बीच में पहुँच गया जहाँ के लोग हमेशा मेरा इंतजार करते थे । जहाँ के लोग सोचते थे कि यह कभी हमारे बीच में नहीं आयेगा। पर शायद उसका एहसास मुझे वहाँ खींच ले गया। लेकिन वहाँ जाने से पहले मैं बार-बार अपने फोन को देख रहा था । और मन ही मन कल्पना के पुल बाँध रहा था । आफिस में बैठकर सोच रहा था कि अगर अभी उसका फोन आ जायेगा तो मैं अभी ही चला जाऊँगा । पर ऐसा न हुआ। क्योंकि में अकेला न था यहाँ तो भीड़ थी । “तब उन्हें याद आती है हमारी, जब पास नहीं होता उनके कोई।:
यहाँ तो मैं सबके सामने फीका पड़ रहा था। मुझे लगा कि वह मुझे देखकर खुश होगी पर मेरा अंदाजा गलत था । मैं आज जिस जगह पर था वहाँ के लोग हर पल यह सोचते थे कि यह कब हमारे बीच होगा। सबकी नजरें मेरी ओर थी और मेरी नजरें उस पर, किन्तु वह तो मुझसे नजर बचाकर भाग रही थी। आज जब मैं उसके पास रहने की कोशिश कर रहा था तो, वह मुझसे दूर जा रही थी। मैं याद कर रहा था उन दिनों को जब वह मुझसे कहती थी कि हमेशा मेरे पास रहो, तुम्हारे पास रहने से मुझे एक अलग-सा शुकून मिलता है। बस उसकी इन्हीं बातों ने तो मुझे दिवाना बना दिया था। उसकी इन्हीं बातों ने तो मेरी रातों की नींद और दिन का चैन छीन लिया था। उसकी इन्हीं बातों ने मुझे इस ओर धकेल दिया था।
हमेशा प्रेम के जाल से दूर रहने वाला मैं आज पूरी तरह से इस जाल में फँस चुका था। मुझे उसके प्रेम में ही सारा संसार नजर आने लगा था । शायद मैं उससे सच्चा प्रेम करने लगा।
पर शायद कुदरत को यह मंजूर न था। उसे मेरी मासूमित पर तरस आ गया था। ईश्वर मेरे प्रेम को समझ गये थे पर वह नहीं। शायद मैं कोई पहला न था ।मैंने पहले भी कहा है कि नवीनता के प्रयोग का युग है। हर नई चीजों की ओर आदमी का ध्यान जाता है। पुरानी चीजों को कौन देख रहा है, वह तो अब बस नाम की हैं। आधुनिकता के इस युग में भी मैं सच्चा प्रेम तलाश रहा हूँ, तो मुझसे बड़ा मूर्ख कौन हो सकता है। इस बात का एहसास मुझे तब हुआ जब अपने सबसे करीबी को मैंने किसी अन्य के करीब देखा। सर के बाल से पाँव के नाखून तक रक्त दौड़ने लगा । आँखें लाल हो गई। ओंठ काँपने लगे । धीरे- धीरे मैं अपना नियंत्रण खोने लगा। सर्दियों के इस मौसम में भी मुझे पसीना छूटने लगा। पर मैंने खुद को संभाला और वहाँ से निकलने में ही भलाई समझी। और चल दिया अपने सच्चे साथी के साथ । मेरे सच्चा साथी , मेरा कम्पूटर और मेरी मधु। आप सोच रहे होंगे की अरे अब ये मधु कौन है? यही है मेरी सच्ची साथी जिसने उस दिन मुझे संभाला। और कहा, अरे तू क्यों रो रहा है । वह तेरी नहीं है वह तो जीवन के बाहरी दुनिया की खिलाड़ी है। पर यह दिल भी मेरी ही तरह मूर्ख है। यह आज भी आत्मा के प्रेम के बारे में सोचता है, यह आज भी सोचता है कि प्रेम सत्य है पर ऐसा नहीं है प्रेम झूठ है, प्रेम एक सपना है जो सुबह होते हुए ही टूट जाता है, प्रेम एक खेल है जिसमें एक ही खिलाड़ी है, जो मन आने पर कभी भी किसी की भी हार घोसित कर सकता है। प्रेम वह खेल है जिसमें हार हमेशा बफा की होती है।
“ हमने तुझसे यूँ इश्क बेपनाह किया, हर गम के जख्मों को तेरी मुस्कुराहट से सिया।
सोचा कि शायद चाहोगी तुम भी कभी हमें इस तरह, इसी बहाने जीने का सिलसिला शुरू किया।।
पर शायद मैं गलत था, क्योंकि उन्होंने न कभी हमें चाहा और न कभी हमसे प्यार किया।।
दोस्तों रात बढ़ने लगी है और उसके प्रति मेरा प्यार कम होने लगा है। क्योंकि आज मैं वहाँ पहुँच चुका था। जहाँ बुद्धि काम करना बंद कर देती है। यह मेरी पहली और सबसे बड़ी हार है, शायद सच्चे प्रेम की भी। क्योंकि इससे पहले लोग मुझे चाहते थे पर मैं किसी को नहीं, पर आज मैं जिसे चाहता हूँ वह----------------?
शायद यही मेरी किस्मत में था । दो दिन के बाद वह फिर से मुझसे मिलने के लिए कह रही है पर क्या करूँ, दिल तो आज ही टूट चुका है। आज ही मेरी सारी तमन्नाएँ खत्म हो चुकी हैं, आज ही मेरे मन से आत्मा के प्रेम का भूत मिट चुका है। अपनी आँखों में इतने आँसू मैंने कभी नहीं देखे। अपने मन को इतना रोते हुए मैंने कभी नहीं देखा। पर यह शायद मेरे लिए सही था मैं कुछ अँधेरों से बाहर आ रहा था।
मेरी वह नजर जो उसे बार-बार देख रही थी । वह धीरे-धीरे धुँधली पड़ रही थी।
मैं एक भूल कर चुका था और वो भी सच्चे प्रेम की । पता नहीं मैं उससे कितनी बातें करना चाहता था । मैं उसे कितना कुछ सुनाना चाहता था । पर ऐसा न हो सका। शायद नयों की भीड़ में वह पुरानों को भूल चुकी थी । शायद वह भूल चुकी थी कि कभी उसने ही अपने प्रेम का इजहार मुझसे किया था। कभी उसने ही मुझसे कहा था कि तुम ही मेरे जीवन के सबसे प्रिय हो, तुम ही मेरे जीवन के आधार हो। तुम्हारे, मेरे जीवन में आने से मेरा जीवन महक गया है। पर मैं जान न सका कि वह तो एक नये प्रयोग की ओर है।
दोस्तों रात के दो बज चुके हैं लिखना और चाहता हूँ पर मस्तिष्क साथ नहीं दे रहा है।
हाँ पर आपसे इतना जरूर जानना चाहता हूँ कि प्रेम वास्तव में है क्या?
सोमवार, 30 नवंबर 2009
हजारों हसरतें हैं मेरी, आसमां में उड़ने की।
कुछ तारों को सुनाने की, कुछ उनकी सुनने की।
चाहत है मेरी चाँद के करीब बैठने की।
उसकी ठंडक लेने की, अपनी तपन देने की।
चाहत है मेरी सूरज से मुखातिब होने की।
उसकी तपन से अपने शरीर को ज्वलंत करने की।
इतनी हसरतों को लिए हुए तमन्ना रखता हूँ मैं
इस जहाँ में जीने की।
हजारों हसरतें हैं मेरी, आसमां में उड़ने की।
सोमवार, 16 नवंबर 2009
जब खेल मैंने माया का देखा-------------
जब खेल मैंने माया का देखा-------------
जब खेल मैंने माया का देखा
मन में उमड़ पड़ी एक वेदना
सोच में डूबा रहा रात भर
क्या मिटा दी इसने सबकी चेतना?
हर तरफ बस नाम इसका
और चारों ओर छाई मूढ़ता
आँखों में चमक, मन में उलझन
क्या दे रही है यह
सिर्फ हर हृदय को यातना
अपने कहने वाले आज हो गए हैं गैर
बस मन में रह गया सिर्फ माया का फेर
सोच-सोचकर मैं हार गया
कि क्यों इस ओर जग का इतना ख़याल गया
मरता रहता है हर वह इंसान
दिन रात इसके फेर में
जी सकता है जो प्यार भरे आसंग में,
रो उठा मन ----------------
जब खेल मैंने माया का देखा।।
शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2009
छोड़ चले वे(बापू जी)
कह कर यह कि बनाना मेरे बच्चों इसे खास,
अब फर्ज हमारा है कि हम करें कुछ अच्छे काम
चलें उनके आदर्शों पर
चलें अनके जीवन मंत्रों पर
बनाएँ इस आशियाने को एक धाम,
यदि हर वर्ग, आज सोचे उनकी बातों को
अमल करे और स्वयं में ढाये उन सभी जज्बातों को,
तो शांति भी होगी, अमन भी रहेगा
होगा न कोई बुरा काम,
फिर बन जायेगा सोने की चिड़िया
भारत मेरा देश महान।।
शनिवार, 27 जून 2009
बैठा हूँ ,आज भी मैं राहों में ---------------
जैसे देखा न हो मंजिल का रास्ता मैंने अभी।
दिन-दर-दिन सोच बढ़ रही मेरी
जैसे उठता है समुन्दर में काफिला कभी।
हशरतें हो रही हैं धीरे-धीरे मेरी बुलन्द
चमक आखों में उठने लगी यों
जैसे आसमान में चमकता इन्द्रधनुष कभी।
पहुँचाना चाहता हूँ मैं अपनी हस्ती को वहाँ
पहुँचा न हो जहाँ कोई सितारा कभी।
चाँद के पास बैठने की तमन्ना रखता हूँ मैं
शायद हो पायेगा मेरा सपना सच कभी।
बैठा हूँ मैं आज भी राहों में इस तरह
जैसे देखा न हो मंजिल का रास्ता मैंने अभी।
शनिवार, 7 मार्च 2009
महिलाओं को संस्कृति के नाम पर नैतिकता का पाठ पढ़ानाः कितना उचित?
महिलाओं को संस्कृति के नाम पर नैतिकता का पाठ पढ़ाना कितना उचित है, इसके लिए मैं सर्वप्रथम नैतिकता और संस्कृति दोनों को दो भिन्न भागों में परिभाषित करना चाहूँगा तथा बताना चाहूँगा कि ये दो भिन्न अवस्थाएँ किस तरह से एक-दूसरे की पूरक हैं। पूरक शब्द का अर्थ होता है “किसी के साथ मिलकर उसे पूर्ण स्वरूप प्रदान करने वाला”। तथा संस्कृति शब्द का अर्थ है, “किसी व्यक्ति, जाति, राष्ट्र आदि की वे सब बातें जो उसके मन, रुचि, आचार-विचार, कला-कौशल और सभ्यता के क्षेत्र में बौद्धिक विकास की सूचक होती हैं ”। और नैतिकता का अर्थ है, नैतिक होने की अवस्था या भाव।
नैतिकता का संबंध संस्कृति से है और संस्कृति का संबंध नैतिकता से। बात जहाँ महिलाओं को नैतिकता सिखाने की या नैतिकता का पाठ पढ़ाने की है, तो यह अति आवश्यक है, क्योंकि बच्चा जब पैदा होता है तो सोने के बाद का प्रथम शब्द माँ ही कहता है। वह सिर्फ माँ के ही अहसासों को समझता है और माँ ही उसके अहसासों को समझती है। यदि अपनी संस्कृति का किसी महिला को पूर्ण ज्ञान है तो वह नैतिक भी होगी, पर यदि किसी महिला को अपनी संस्कृति का पूर्ण ज्ञान नहीं है तो उसका नैतिक होना आशंकित है। इसलिए महिलाओं को जब उनकी संस्कृति का पाठ पढ़ाया जायेगा , जब उन्हें अवगत कराया जायेगा, कि हम कौन हैं? हमारी संस्कृति क्या है? और क्या हमारे पूर्वज हमें संस्कृति के रूप में देकर गए हैं? तभी वे नैतिकता को समझ पायेंगी। तभी वे समझ पायेंगी कि हमें अपने बच्चों को किस तरह के संस्कार देने चाहिए। हमें उन्हें नैतिकतापूर्ण बनाना चाहिए या नैतिकता विहीन।
महिलाओं को नैतिक का पाठ पढ़ाना इसलिए की उचित है क्योंकि, यदि वे अपने बच्चों को बचपन से ही संस्कृति और सभ्यता की बातें बतायेंगी, तो बाल मन पर अधिक प्रभाव पड़ेगा। यदि शिक्षक स्कूल में बच्चों को नैतिकता का पाठ पढ़ाते हैं, पर घर पर नैतिकता का माहौल ही नहीं है। तो वह बच्चा कभी भी नैतिक नहीं बन सकता। उसके लिए उस घर की माता का नैतिक होना आवश्यक है। यदि पुराणों से भी सोचा जाय तो हर समाज के निर्माण में महिलाओं ने अपना उत्कृष्ट योगदान दिया है । महिलाओं ने कई बार समाज को एक नया रूप दिया है। उन्होंने समाज को बदलकर एक नये समाज की स्थापना की है। तथा प्राचीन काल के कुछ उदाहरण आज भी जीवंत हैं जैसे-1857 की क्रांति के बाद हिंदुस्तान की धरती पर हो रहे परिवर्तनों ने जहाँ एक ओर नवजागरण की जमीन तैयार की, वहीं विभिन्न सुधार आंदोलनों और आधुनिक मूल्यों और रोशनी में रूढ़िवादी मूल्य टूट रहे थे, समाज के बंधन ढ़ीले पड़ रहे थे और स्त्रियों की दुनिया चूल्हे-चौके से बाहर नए आकाश में विस्तार पा रही थी। इतिहास साक्षी है कि एक कट्टर रूढिवादी समाज में इसके पहले इतने बड़े पैमाने पर महिलाएँ सड़कों पर नहीं उतरी थीं। पूरी दुनिया के इतिहास में ऐसे उदाहरण कम ही मिलते हैं। गाँधी जी ने कहा था, “कि हमारी माताओं-बहनों के सहयोग के बगैर यह संघर्ष संभव ही नहीं था”। जिन महिलाओं ने आजादी की लड़ाई को अपने साहस से धार दी उनमें से कुछ का वर्णन यहाँ है।
कस्तूरबा गाँधी – जिन्होंने आजादी की लड़ाई में अपने पति का हर संघर्ष में साथ दिया। वह एक दृढ़ आत्मशक्ति वाली और सुसंस्कृत महिला थी। उन्हें अपनी सभ्यता और संस्कृति का पूर्ण ज्ञान था। जिससे की उन्होंने गाँधी जी के साहस को और भी बढाया।
अरूणा आसफ अली- हरियाणा के एक रूढ़िवादी परिवार से संबंध रखने वाली अरूणा आसफ अली ने स्त्रीत्व के तमाम बंधनों को अस्वीकार करते हुए अंग्रेज हुकूमत के खिलाफ आवाज उठाई और आंदोलन छेड़ा। ऐतिहासिक भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान ९ अगस्त, १९४२ को अरुणा आसफ अली ने गोवालिया टैंक मैदान में राष्ट्रीय झंडा फहराकर आंदोलन की अगुवाई की।
इस तरह के कई उदाहरणों को जब देखा जाता है या याद किया जाता है तो मन में एक ही प्रश्न जाग उठता है कि आज के महिला समाज को क्या हो गया है। क्यों आज महिलाएं संस्कृति के ज्ञान को भूल गई हैं। कुछ समय पहले से जैसे-जैसे महिला साक्षर होती गई। वैसे-वैसे वह सिर्फ अपने तक या अपने परिवार तक सीमित रह गई। महिला साक्षर हो, पर साक्षर के साथ सुसंस्कृत भी हो यह अनिवार्य नहीं है। उपर्युक्त विवरण के अनुसार साक्षर होना और सुसंस्कृत होना, दो अलग भाव हैं। साक्षरता का अभिप्राय पढ़ने-लिखने से है। पर सुसंस्कृत का अभिप्राय संपूर्ण विकास है।
इसलिए नैतिक होने के लिए पहले सुसंस्कृत होना आवश्यक है, और सुसंस्कृत होने के लिए संस्कृति का संपूर्ण ज्ञान आवश्यक है।
लेकिन इस सचाई से भी मुंह नहीं मोड़ा जा सकता कि धर्म और नैतिकता के नाम पर गुंडागर्दी लगातार बढ़ती ही जा रही है और राजनीतिक कारणों से सरकारें इसके खिलाफ सख्त कदम उठाने से डरती हैं।
शनिवार, 14 फ़रवरी 2009
बोझ-
कभी सोचता हूँ कि अपने हैं कौन, वे जिन्होंने मुझे अपनी जिन्दगी से निकाल दिया या वे जो मुझे अपनी जिन्दगी में एक बोझ समझते हैं। बस हरदम यही सोचते रहता हूँ कि यह बोझ क्या होता है? क्यों लोग किसी को बोझ समझते हैं ? क्यों अपनों को हम एकदिन बोझ लगने लगते हैं? ऐसे ही कुछ प्रश्न मेरे मन में खटकते हैं और मैं सोच में डूब जाता हूँ। सोचते-सोचते मुझे ऐसा एहसास होता है कि शायद जब लोगों को ऐसा लगे कि यह आदमी अब किसी काम का नहीं है, तो लोग उसे बोझ समझने लगते हैं। पर मुझे ऐसा नहीं लगता, शायद जो आज किसी काम का न हो वह कल कोई बड़ा काम कर दे। या शायद जो आज किसी काम का न हो, वह कल कोई बड़ा काम कर चुका हो। क्यों लोग केवल वर्तमान को ही याद रखते हैं, उसका भूत और भविष्य क्यों नहीं देखते हैं कि कल वह कैसा था या कल वह कैसा हो सकता है।
यदि मनुष्य का जीवन केवल वर्तमान पर ही निर्भर है तो यह भूत क्यों? मैं अपनी पिछली जिन्दगी में बहुत शराबी या बर्बाद था। पर आज मैं एक सफल नागरिक हूँ, तो लोग या अपने मुझसे खुश हैं, पर यदि मैं कल एक सफल आदमी था और आज एक नाकाम या बर्बाद तो लोग क्यों मुझे बोझ समझने लगते हैं। उन्हें मेरा सफल कल क्यों नहीं दिखाई देता।
यह मनुष्य जीवन है और इसमें उतार-चढ़ाव आना स्वाभाविक है। पर लोग केवल चढ़ाव को ही देखते हैं और चढ़ाव को ही जीवन का हिस्सा मानते हैं। वे यह भूल जाते हैं कि उतार भी जीवन का ही हिस्सा है और जिस तरह से जीवन में चढ़ाव आता है उसी तरह से जीवन में उतार भी आता है तथा जिस तरह से जीवन में उतार आता है, उसी तरह से चढ़ाव भी आता है। उतार-चढ़ाव यह दोनों जीवन के दो पहलू हैं जो एक के बाद दूसरा आता है। पर मनुष्य को धैर्य नहीं, वह सिर्फ वर्तमान को ही जीवन समझता है और हार-जीत का फैसला वर्तमान में ही कर देता है। वह वर्तमान समय की कामयाबी को सफलता और वर्तमान की नाकामी को असफलता समझ लेता है। वह भूल जाता है कि भूत और भविष्य भी जीवन से जुड़े हुए हैं। वह भी जीवन का हिस्सा हैं उनपर भी जीवन निर्भर करता है। हो सकता है कि जो आज सफल है, वह कल असफल हो जाए और जो आज असफल है वह कल सफल हो जाए। यह घटनाक्रम तो चलता ही रहेगा।
लेकिन लोग कब इसे समझते हैं उसका अंदाजा नहीं लगाया जा सकता है।
