शनिवार, 14 फ़रवरी 2009

बोझ-

बोझ-
कभी सोचता हूँ कि अपने हैं कौन, वे जिन्होंने मुझे अपनी जिन्दगी से निकाल दिया या वे जो मुझे अपनी जिन्दगी में एक बोझ समझते हैं। बस हरदम यही सोचते रहता हूँ कि यह बोझ क्या होता है? क्यों लोग किसी को बोझ समझते हैं ? क्यों अपनों को हम एकदिन बोझ लगने लगते हैं? ऐसे ही कुछ प्रश्न मेरे मन में खटकते हैं और मैं सोच में डूब जाता हूँ। सोचते-सोचते मुझे ऐसा एहसास होता है कि शायद जब लोगों को ऐसा लगे कि यह आदमी अब किसी काम का नहीं है, तो लोग उसे बोझ समझने लगते हैं। पर मुझे ऐसा नहीं लगता, शायद जो आज किसी काम का न हो वह कल कोई बड़ा काम कर दे। या शायद जो आज किसी काम का न हो, वह कल कोई बड़ा काम कर चुका हो। क्यों लोग केवल वर्तमान को ही याद रखते हैं, उसका भूत और भविष्य क्यों नहीं देखते हैं कि कल वह कैसा था या कल वह कैसा हो सकता है।
यदि मनुष्य का जीवन केवल वर्तमान पर ही निर्भर है तो यह भूत क्यों? मैं अपनी पिछली जिन्दगी में बहुत शराबी या बर्बाद था। पर आज मैं एक सफल नागरिक हूँ, तो लोग या अपने मुझसे खुश हैं, पर यदि मैं कल एक सफल आदमी था और आज एक नाकाम या बर्बाद तो लोग क्यों मुझे बोझ समझने लगते हैं। उन्हें मेरा सफल कल क्यों नहीं दिखाई देता।
यह मनुष्य जीवन है और इसमें उतार-चढ़ाव आना स्वाभाविक है। पर लोग केवल चढ़ाव को ही देखते हैं और चढ़ाव को ही जीवन का हिस्सा मानते हैं। वे यह भूल जाते हैं कि उतार भी जीवन का ही हिस्सा है और जिस तरह से जीवन में चढ़ाव आता है उसी तरह से जीवन में उतार भी आता है तथा जिस तरह से जीवन में उतार आता है, उसी तरह से चढ़ाव भी आता है। उतार-चढ़ाव यह दोनों जीवन के दो पहलू हैं जो एक के बाद दूसरा आता है। पर मनुष्य को धैर्य नहीं, वह सिर्फ वर्तमान को ही जीवन समझता है और हार-जीत का फैसला वर्तमान में ही कर देता है। वह वर्तमान समय की कामयाबी को सफलता और वर्तमान की नाकामी को असफलता समझ लेता है। वह भूल जाता है कि भूत और भविष्य भी जीवन से जुड़े हुए हैं। वह भी जीवन का हिस्सा हैं उनपर भी जीवन निर्भर करता है। हो सकता है कि जो आज सफल है, वह कल असफल हो जाए और जो आज असफल है वह कल सफल हो जाए। यह घटनाक्रम तो चलता ही रहेगा।
लेकिन लोग कब इसे समझते हैं उसका अंदाजा नहीं लगाया जा सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं: