लोग कहते हैं कि राजशासन समाप्त हो गया है पर मुझे तो ऐसा नहीं लगता। मुझे तो ऐसा लगता है कि पहले एक क्षेत्र का एक राजा होता था और वह अकेले ही वहाँ की गरीब और मासूम जनता का शोषण करता था पर अब तो एक क्षेत्र के कई राजा हो गये हैं और वे अपनी-अपनी राजशाही के समय अपने-अपने तरीके से जनता का शोषण कर रहे हैं। और इस शासन का नाम है “नेताशासन” ।
पहले ये लोग राजशाही वस्त्र पहनकर, मुकुट पहनकर और हाथ में तलवार लेकर अपने सैनिकों के साथ लोगों को परेशान करते थे। अब ये खादी पहनकर, टोपी पहनकर और अपने कुछ पालतू गुण्डों के साथ लोगों को परेशान करते हैं। लोग कहते हैं कि समय बदल गया है लोग बदल गये हैं लेकिन मुझे ऐसा नहीं लगता है, हाँ बदला है तो रूप और पहनावा। कल भी यही लोग शोषक थे और आज भी यही लोग शोषक हैं।
कल ये राजा बनकर लूट रहे थे आज नेता बनकर लूट रहे हैं। कल ये सैनिकों के माध्यम से जनता को परेशान करते थे आज ये गुण्डों के माध्यम से जनता को परेशान करते हैं।
कल भी शिक्षित वर्ग इनके सामने झुकता था आज भी झुकता है। एक पीसीएस और आईएएस अधिकारी बनने के लिए रात दिन एक करनी पड़ती है। अपनी मेहनत का सौ प्रतिशत देना पड़ता है और तब जाके नौकरी मिलती है एक अनपढ़ को सलाम मारने की,एक गुण्ड़े को सलाम मारने की, एक हत्यारे को सलाम मारने की, एक बलत्कारी को सलाम मारने की, ऐसा क्यों ?यह प्रश्न शायद हर किसीके मन में उठता हो पर क्या करें ?यह भी एक प्रश्न है जो पहले प्रश्न के तुरन्त बाद मन में उठता है।
शायद ऐसा इसलिए कि आज भी कुछ बदला नहीं “न हम कल आजाद थे न आज आजाद हैं”। आज तो गुलामी इतनी बढ़ गई है कि हम अपनी मात्रभाषा, अपनी राष्ट्रभाषा का भी खुलकर प्रयोग नहीं कर सकते । यह बात भी पहले से होकर आया है जब भी कोई राजा कहीं आक्रमण करता और उस स्थान को जीत जाता तो वहाँ के लोगों को उसी की भाषा बोलनी पड़ती अन्यथा उन्हें दण्डि़त होना पड़ता।
बस एक प्रश्न आप लोग अपने आप से पूछें “क्या हम आजाद हैं”?