सोमवार, 2 फ़रवरी 2009

आत्म जागरण

वेद से---------
प्राचीन काल में हमारे देश में गायों को रखना सम्मान और संपन्नता का चिह्न माना जाता था। त्रित ऋषि को गोधन प्राप्त करने और संपन्न होने की तीव्र इच्छा थी। उनकी इच्छा एक दिन इन्द्र ने पूरी कर दी।त्रित गाएँ पाकर खुश हो गया । वे गायों की देखरेख में संसार की अन्य चीजों को भूलते चले जा रहे थे। वे देवताओं को, अपने तेज पराक्रम को, और आश्रम को भी भूलते जा रहे थे। वे माँ की लाड़-प्यार भरी बातों को भी भूल गये। इससे आश्रम की सारी व्यवस्था लड़खड़ा गई। त्रित की अपनी शक्ति भी क्षीण पड़ गई। उनके मन का बल भी घट गया।
एक दिन की बात है त्रित अपनी गायों के साथ विचरण कर रहे थे। उन्हें सालावृकि नामक दैत्य के पुत्रों ने धेर लिया और कहा- ये हमारी गाएँ हैं, हम इन्हें ले जाएँगे। त्रित ने उन्हें विनयपूर्वक समझाना चाहा। लुटेरे पुत्रों ने गायों को निर्दयता से पीटना शुरू कर दिया । गाएँ रूदन करती हुई भागने लगीं। त्रित को बहुत दुख पहुँचा। लुटेरों ने त्रित को भी पकड़ लिया और उन्हें पास के एक कुएँ में ढकेल दिया।कुएँ में पानी नहीं था और कुआँ अधिक गहरा था। तथा उसमें दुर्गंध भी थी। अब उनके सामने मृत्यु का भय खड़ा था।
त्रित ने अपनी दशा के कारण पर विचार किया । उसे देवता, अपनी माँ के प्रेरणादायी वचन सभी याद आने लगे। वे माँ के लिए व्याकुल हो उठे। उन्हें अपनी पूर्व स्थिति की याद आई पहले वे एक मंत्रद्रष्टा ऋषि थे । उनके यज्ञ का बड़ा प्रभाव था। उनका आश्रम भरा-पूरा था। आज उनका पौरूष और आत्मबल न जाने कहाँ चला गया। इसी त्रित ने त्रिशिरा को अपने तेज और पराक्रम से मार गिराया था। त्रित ने देवताओं के गुरू वृहस्पति की स्तुति की। उनका आत्मबल जाग उठा। उन्होंने कुएँ की दीवार पर उगे पौधों और लताओं का सहारा लिया और धीरे-धीरे कुएँ से बाहर आ गए।
अब त्रित बिलकुल बदल चुके थे। अब वे मित्रों एवं सगे-संबधियों की आवश्यता पहचान चुके थे। सबसे पहले वे माँ के पास गए।उन्हें माँ के लाड़-प्यार में कोई अंतर दिखाई नहीं दिया। आश्रमवासियों का स्नेह भी वैसा ही था। आश्रम फिर से हरा-भरा, संपन्न दिखाई देने लगा। कुछ दिनों बाद उन्होंने एक यज्ञ का आयोजन किया। यज्ञ में सभी देवता आए। माँ ने पुत्र को गले से लगा लिया। त्रित के तेजस्वी रूप को देखकर आश्रमवासियों में उत्साह और उल्लास छा गया। अब सालावृकि के लुटेरे पुत्र भी भयभीत हो उठे। वे त्रित की गायों को लौटाने आए और क्षमा याचना करने लगे। त्रित ने उनको क्षमा करते हुए कहा---- मैं पूरी तरह आत्म विस्मृत हो चुका था। अच्छा हुआ कि आप लोगों ने मेरी आत्म विस्मृति को मिटा दिया। अब मैंने अपने आत्मबल तेज –पराक्रम और कर्तव्यों को पहचान लिया है। मैं जान गया हूँ कि सब प्रकार से संपन्न और समृद्ध होने के लिए आत्म जागरण बहुत जरूरी है।

कोई टिप्पणी नहीं: